Thursday, 13 February 2014

एक बासन्ती छन्द मेरा भी-



मधुमास है दिगन्त रससिक्त और मधुवासित निशा उषा कुहुक उठी कोकिला
मदयुक्त यौवन भी अलि कलियों का देख मांग मकरन्द कहें रस मुझको पिला
बढ़ती उमंग की तरंग मस्त छनी भंग पाकर के अवसाद भी लगा खिला खिला
ठिठुरे न शीत से व ताप भी है शान्त तब हर्ष लिए उर मध्य रवि सांझ से मिला
रचनाकार
डॉ आशुतोष वाजपेयी
ज्योतिषाचार्य
लखनऊ 

Tuesday, 28 January 2014

मृत्यु

अवसाद समाप्त करे वह निष्क्रिय ही कर दे भवबन्धन को
शयनो हित विष्टर प्राप्त न हों उनको तक दे वह चन्दन को
जग में नित व्याप्त हरे सब व्याधि सुनिश्चित मुक्त करे तन को
तट मृत्यु प्रदान तुरन्त करे मझधार पड़े इस जीवन को


सञ्चित अर्थ करो जितना पल में सब का सब जा सकता है
राज्य व भोगबली नृप को क्षणमात्र दरिद्र बना सकता है
और अभाव बढे मुख मोड़ कुटुम्ब सुबन्ध भुला सकता है
मृत्यु सुपाश करे शुचि प्रेम न वो तुमको ठुकरा सकता है 


यह जीवन को गतिशील बना रखती, इसमें मत संशय हो
इसका उपमान नहीं जग में, बलहीन समक्ष धनञ्जय हो
नवजीवन के हित ये घटना सम है घटती तुम निर्भय हो
सुर ताल हुए सब व्यर्थ तभी जब मृत्यु सुदर्शन की लय हो


जल में थल में नभ में अथवा जग मध्य कहाँ पर मृत्यु नहीं है
सब नश्वर है जड़ चेतन भी किस ओर कहो स्वर मृत्यु नहीं है
शुचि जीवन है दिखता जिस ठौर वहाँ किसके घर मृत्यु नहीं है
जग देख परस्पर निर्भर किन्तु किसी पर निर्भर मृत्यु नहीं है 


जब औषधि एक न लाभ करे उपचारक हो यह मृत्यु मिली
जिसके हित जीवन श्राप रहा वरदा बन तो यह मृत्यु मिली
इति के कर का बल देख मनुष्य! यहाँ सबको यह मृत्यु मिली
जब द्वार न एक खुला, बन मुक्ति सुद्वार लखो यह मृत्यु मिली
रचनाकार
डॉ आशुतोष वाजपेयी
ज्योतिषाचार्य
लखनऊ 

Friday, 17 January 2014

'आशुनिकुञ्ज' सवैया छन्द

हिन्दी साहित्य को चमत्कृत कर देने वाला छन्द 'आशुनिकुञ्ज' सवैया छन्द जिसे आज तक हिन्दी साहित्य के किसी साहित्यकार ने नहीं लिखा बड़े हर्ष और आह्लाद के साथ आपके समक्ष प्रस्तुत कर रहा हूँ...स्नेहाकांक्षी हूँ--

दीनों को देती हो लोकों को खेती हो पाता है वो भी जो हारा हो अम्बे!
धर्मालम्बी लोगों के पापों को धो देने वाली गंगा की धारा हो अम्बे!
दुष्टों को संहारा सन्तों को उद्धारा  वीणा को धारे हो तारा हो अम्बे!
काली हो दुर्गा हो ज्वाला मातंगी हो त्रैलोकी तेरा जैकारा हो अम्बे!
रचनाकार
डॉ आशुतोष वाजपेयी
ज्योतिषाचार्य
लखनऊ 

Monday, 9 December 2013

शत वन्दित है

भारतीय नागरिकों को जीत की हार्दिक बधाई देते हुए एक गीत के दो बन्द प्रस्तुत हैं--

विजय पताका गगन चूमती हुई आज अभिनन्दित है
इसीलिये तो सदा भारती पूजित है शत वन्दित है

दारुण कष्ट सहे इस धरती ने पिछले दस वर्षों में
हार गया जन जन था मन तब लगा नहीं संघर्षों में
तभी अस्त्र आ गया हाथ में मतरूपी फौलादी था
पटक दिया तुमने उसको जो दमन नीति का आदी था

पुष्प खिला है आज कमल भूमण्डल हुआ सुगन्धित है
इसीलिये तो सदा भारती पूजित है शत वन्दित है

महंगाई पर अंकुश सबसे पहली मांग हमारी है
अनुच्छेद विघटनकारी की अब हटने की बारी है
एक नियम क़ानून सभी के लिए मान्य करना होगा
अम्ब भारती का हर संकट इसी भाँति हरना होगा

सुनो इसी के हेतु प्रजा ने किया तुम्हे अनुबन्धित है
इसीलिये तो सदा भारती पूजित है शत वन्दित है

अड़चन सभी समाप्त करो अब तुम मन्दिर की नींव धरो
राजनीति के केन्द्र बिन्दु मोदी तुम आज उठो बिफरो
जन जन का सैलाब तुम्हारे साथ कि भगवा थाम चलो
एक बार फिर सनातनी तप की धारा में वीर जलो

भारत माँ को गर्व बड़ा सुत उनका महिमामण्डित है
इसीलिये तो सदा भारती पूजित है शत वन्दित है
रचनाकार
डॉ आशुतोष वाजपेयी
ज्योतिषाचार्य
लखनऊ